रानीखेत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को रानीखेत प्रवास के दौरान सैर-सपाटे पर निकले। मिश्रित वन से घिरी माल रोड पर भ्रमण करते हुए वह गांधी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद किया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित अन्य प्रदूषित शहरों से शुद्ध आबोहवा का आनंद लेने पहुंचे सैलानियों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। पर्यटकों ने पहाड़ों को शुद्ध प्राणवायु का भंडार बताया, जिस पर मुख्यमंत्री धामी ने मुस्कुराते हुए कहा—“देवभूमि में आपका स्वागत है।”
इस दौरान मुख्यमंत्री गांधी चौक पर चाय की दुकान चलाने वाले पिलखोली निवासी राजेंद्र सिंह नेगी के टी स्टाल पर भी पहुंचे। उन्होंने आम लोगों की तरह चाय की चुस्की ली और स्थानीय फेन (बेकरी का समोसा) का स्वाद चखा।
वहीं मौजूद वरिष्ठ व्यवसायी अजय ‘बबली’ के साथ मुख्यमंत्री ने बाजार की स्थिति, पर्यटन व्यवसाय और स्थानीय कारोबार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। व्यवसायी बबली ने रानीखेत में पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया।
स्थानीय लोगों से कुशलक्षेम पूछने के बाद मुख्यमंत्री धामी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केमू स्टेशन की ओर रवाना हुए। इसके पश्चात कुमाऊं लॉज में मुख्यमंत्री का अग्निवीर सैनिकों से संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।

