कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर (केआरसी) की गौरवशाली सैन्य परंपरा में मंगलवार को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। केआरसी मुख्यालय रानीखेत के ऐतिहासिक सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित कसम परेड के दौरान छठे बैच के 603 अग्निवीर औपचारिक रूप से भारतीय सेना का हिस्सा बन गए।
31 सप्ताह के कठोर और अनुशासित सैन्य प्रशिक्षण से निखरकर निकले ये नवसैनिक जैसे ही बहादुरगढ़ द्वार से बाहर निकले, उनके हर कदम में देशभक्ति और जोश स्पष्ट दिखा।
कसम परेड की सलामी केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने ली, जबकि डिप्टी कमांडेंट कर्नल प्रभु रामदास भी परेड के दौरान मौजूद रहे। ब्रिगेडियर यादव ने अग्निवीरों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि “फौजी बनकर देशसेवा करना हर किसी के नसीब में नहीं होता, यह सौभाग्य है।” उन्होंने नवसैनिकों से हर मोर्चे पर रेजिमेंट का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
कसम परेड के दौरान अग्निवीरों ने सेना के धर्मगुरुओं द्वारा धर्मग्रंथ के साथ शपथ ली और देश की आन–बान–शान की रक्षा के लिए आवश्यकता पड़ने पर अपना सर्वस्व न्यौछावर करने का संकल्प लिया।
इस गर्वपूर्ण क्षण के साक्षी बने अग्निवीरों के माता-पिता, भाई–बहन और स्वजन, जिनके चेहरों पर संतोष और गौरव की चमक साफ दिखाई दी।

