हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने ही फायरिंग की घटना हो गई। इस घटना में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई व प्रॉपर्टी डीलर सचिन चौहान और उनके एक रिश्तेदार कृष्णपाल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सचिन चौहान के पेट में गोली लगी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दो भाजपा से जुड़े पक्षों में हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक अमला सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों के सत्यापन के लिए गांव पहुंचा था। इसी दौरान भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अतुल चौहान और भाजयुमो के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
विवाद बढ़ने के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान सचिन चौहान और उनके रिश्तेदार कृष्णपाल गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस के साथ ही एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए साक्ष्य जुटाए और घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, गोली किसने चलाई और विवाद की असल वजह क्या रही—इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

