उधमसिंह नगर। कुमाऊं एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 7 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमन प्रकाश लाल निवासी गेलाडांडा, थाना नवाबगंज, बरेली और महावीर, निवासी सल्लननगर, थाना बिनावर, बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
मुख्य आरोपी हाल ही में जेल से छूटा
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी चमन प्रकाश हाल ही में बरेली कारागार से जमानत पर रिहा हुआ था। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से हत्या, लूट और रंगदारी जैसे गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। तस्करों से बरामद अफीम की सप्लाई उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में की जानी थी।
पूछताछ जारी, बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के और सदस्यों के भी सामने आने की संभावना है।
पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, और उम्मीद जताई है कि नशे के कारोबार पर इस तरह की कार्रवाइयों से प्रभावी अंकुश लगेगा।

