रुद्रपुर— सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब दो छात्र गुटों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
हंगामे के दौरान एक पक्ष द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।
पुलिस ने मौके से दो कारें जब्त की हैं और मामले की जांच-पड़ताल जारी है। फायरिंग करने वाले युवक मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष नारेबाजी के दौरान आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

