देहरादून। शहर के क्लेमेंनटाइन क्षेत्र स्थित कृष्णा विहार में युवक और युवती के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया और देखते ही देखते दोनों ने धारदार हथियार से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
हमले में युवक के गले में और युवती के हाथ में चाकू लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को तुरंत दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी सर्जरी कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर क्लेमेंनटाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मोहन सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

