देहरादून पुलिस ने शहर में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है। इनमें से एक महिला के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई फर्जी दस्तावेज़ मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरी महिला को नियमानुसार बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला कोविड काल के दौरान अवैध रूप से बॉर्डर पार कर भारत आई थी। भारत पहुंचने के बाद उसने बबली खातून से अपना नाम बदलकर भूमि शर्मा कर लिया और फर्जी पहचान के आधार पर दस्तावेज़ तैयार कर लिए। यही नहीं, उसने देहरादून में एक हिंदू युवक से विवाह भी कर लिया था।
महिला के खिलाफ फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने और भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उन लोगों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने इस महिला की नकली पहचान बनाने में मदद की।
वहीं दूसरी बांग्लादेशी महिला साल 2023 में अवैध रूप से भारत आई थी और देहरादून में मजदूरी का कार्य करती थी। उसे हिरासत में लेकर भारत सरकार के निर्देशानुसार शीघ्र ही बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत जनपद में अब तक 17 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं फर्जी दस्तावेज़ बनाकर रहने वाले 8 नागरिकों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

