पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया और पुलिस को तत्काल जानकारी दी गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह आसपास के दुकानदारों ने देखा कि एक दुकान खुली हुई है और अंदर दुकानदार अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मामले की सूचना पौड़ी कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दुकान का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजयानंद चमोली (45) निवासी पौड़ी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

