देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सड़क किनारे जंगल में एक कट्टे (बोरे) में बंद महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शव करीब छह से सात दिन पुराना है।
जानकारी के अनुसार मांडूवाला में सड़क किनारे जंगल से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कट्टे को खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव मिला, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव की शिनाख्त के लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि महिला की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच प्रतीत हो रही है। शव को घुटने मोड़कर कट्टे में भरा गया था। प्रारंभिक जांच में शव करीब छह से सात दिन पुराना लग रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं।

