हरिद्वार: जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गजीवाली गांव के पास स्थित हाईवे किनारे झाड़ियों में एक युवती का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह मिली इस दिल दहला देने वाली जानकारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। मौके की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है, जो जल्द ही जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचने वाली है।
पुलिस फिलहाल मृतका की शिनाख्त करने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
श्यामपुर थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या किस वजह से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

