उत्तरकाशी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने एक अमीन को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अमीन पर सड़क निर्माण में अधिग्रहीत भूमि के मुआवजा दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की भूमि सड़क निर्माण परियोजना के तहत अधिग्रहित की गई थी। मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में सहायता और फाइल आगे बढ़ाने के एवज में अमीन ने दस हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर विजिलेंस विभाग ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत अमीन को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

