देहरादून में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। चकराता रोड स्थित गांधी नगर क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने दो संचालकों और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया, जबकि तीन महिलाओं को पीड़ित के रूप में चिन्हित किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पंत के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय थाने के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मकान में दबिश दी। छापे के दौरान प्रथम मंजिल पर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
पूछताछ में मकान मालिक रानी देवी ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगी आशीष कुमार पांडे के साथ मिलकर देह व्यापार का संचालन कर रही थी। वहीं पकड़ा गया तीसरा व्यक्ति फुल्लो खान ग्राहक के रूप में वहां मौजूद था।
पुलिस ने मौके से नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट के जरिए ग्राहकों से संपर्क और सौदेबाजी के सबूत भी मिले हैं। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि आर्थिक तंगी और नौकरी के झांसे में उन्हें इस काम में धकेला गया। पुलिस के अनुसार, महिलाएं प्रथम दृष्टया पीड़ित हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

