Saturday, March 7, 2026
Homeअपराधपेशी पर ले जाते समय हिस्ट्रीशीटर पर हमला, पुलिस वाहन पर अंधाधुंध...

पेशी पर ले जाते समय हिस्ट्रीशीटर पर हमला, पुलिस वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग

पश्चिमी यूपी के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी को कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही पुलिस की गाड़ी पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगी हैं, जबकि वाहन में मौजूद दो पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए। गंभीर हालत में घायल विनय त्यागी को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

यह सनसनीखेज वारदात बुधवार दोपहर करीब एक बजे लक्सर-हरिद्वार हाईवे स्थित ओवर ब्रिज पर हुई। मेरठ निवासी कुख्यात बदमाश विनय त्यागी धोखाधड़ी के एक मामले में रुड़की कारागार में बंद था, जिसे पेशी के लिए लक्सर एसीजेएम कोर्ट ले जाया जा रहा था। कारागार से चालक समेत छह पुलिसकर्मी उसे सरकारी टाटा सूमो वाहन से लेकर निकले थे।

जैसे ही पुलिस वाहन फ्लाईओवर के बीच जाम में फंसा और सामने वाहन होने के कारण रुकना पड़ा, तभी पहले से घात लगाए दो बाइकों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक पुलिस वाहन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। हमले में विनय त्यागी वाहन के अंदर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। फायरिंग के दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, हालांकि दो जवानों को चोटें आईं।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए भीड़ के बीच से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल विनय त्यागी को तत्काल लक्सर सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कड़ी सुरक्षा में उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल, सीओ नताशा सिंह, कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण, मंगलौर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, खानपुर एसओ धर्मेंद्र राठी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। चारों ओर नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि पेशी के दौरान जाम का फायदा उठाकर हमलावरों ने आरोपी पर फायरिंग की। विनय त्यागी के खिलाफ 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments