उत्तराखंड सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने मंडी समिति काशीपुर में तैनात प्रभारी मंडी सचिव पूरन सैनी को ₹1,20,000 (एक लाख बीस हजार रुपये) की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
शिकायतकर्ता द्वारा दी गई सूचना के अनुसार, पूरन सैनी मंडी समिति में लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया के एवज में प्रति लाइसेंस ₹60,000 की अवैध मांग कर रहे थे। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है और अग्रिम कानूनी प्रक्रिया जारी है।
“उत्तराखंड सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। कोई भी व्यक्ति यदि भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य में ईमानदार शासन व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” -मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

