Wednesday, March 18, 2026
Homeबागेश्वरभूस्खलन से पिंडर घाटी का संपर्क कटा, 5 हजार आबादी प्रभावित; पूर्व...

भूस्खलन से पिंडर घाटी का संपर्क कटा, 5 हजार आबादी प्रभावित; पूर्व विधायक समेत कई लोग फंसे

बागेश्वर: भूस्खलन के चलते पिंडर घाटी का सड़क संपर्क पूरी तरह से बाधित हो गया है। रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग जैकुनी गांव के पास मलबा और बोल्डर गिरने से बंद हो गया, जिससे करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित हो गई है और आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया है।

रास्ता बंद, लोग फंसे
बुधवार को हुई इस घटना के दौरान क्षेत्र भ्रमण पर गए पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण भी मौके पर फंस गए। उनके साथ ग्रामीणों के चार वाहन और एक दर्जन से अधिक लोग सड़क बंद होने के कारण वहीं रुकने को मजबूर हैं। उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन को सूचना देकर मार्ग खोलने की मांग की है।

पहले से खराब था मार्ग
खरकिया से करीब तीन किलोमीटर आगे खाती की ओर जाने वाला यह मार्ग पहले से ही जर्जर हालत में था। जैकुनी के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा गिरने से स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई।

निर्माण कार्य पर उठे सवाल
पूर्व विधायक ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य पीएमजीएसवाई के तहत चल रहा है, लेकिन मौके पर मशीनों का अभाव है और मजदूरों से मैन्युअल काम कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा पहाड़ से पत्थर खोदने के कारण भी भूस्खलन की स्थिति बनी है।

कई क्षेत्रों का संपर्क टूटा
सड़क बंद होने से पिंडर घाटी, खाती, जैकुनी और खरकिया क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मशीनरी तैनात कर मार्ग खोलने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की मांग की है।

प्रशासन का दावा
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता अंबरीश कुमार के अनुसार, मजदूरों को लगाकर मलबा हटाने का काम जारी है और शाम तक सड़क खोलने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments