Saturday, March 7, 2026
Homeबागेश्वरकपकोट के केदारेश्वर मैदान में राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरसी प्रतियोगिता का भव्य आगाज

कपकोट के केदारेश्वर मैदान में राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरसी प्रतियोगिता का भव्य आगाज

बागेश्वर जनपद के कपकोट स्थित ऐतिहासिक केदारेश्वर मैदान में गुरुवार से राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरसी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हो गया। इस रोमांचक प्रतियोगिता में देशभर से आए 96 अनुभवी पैराग्लाइडर पायलटों के साथ भारतीय सेना के प्रशिक्षित पायलट भी प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागी जालेख क्षेत्र से उड़ान भरकर केदारेश्वर मैदान में निर्धारित लक्ष्य बिंदु पर सटीक लैंडिंग कर रहे हैं। इस दौरान उनकी तकनीकी दक्षता, संतुलन और साहस की कड़ी परीक्षा ली जा रही है। आसमान में रंग-बिरंगे पैराग्लाइडरों का नजारा दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक सुरेश गढ़िया, विधायक पार्वती दास, जिलाधिकारी आकांक्षा कोडे, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के साहसिक खेल आयोजन क्षेत्र में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान देंगे और युवाओं के लिए रोजगार व प्रशिक्षण के अवसर सृजित करेंगे।

आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उड़ान और लैंडिंग स्थलों पर विशेषज्ञ तकनीकी टीम, चिकित्सा दल, अग्निशमन व्यवस्था तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। दर्शकों के लिए भी बैठने और प्रतियोगिता देखने की विशेष व्यवस्था की गई है।

प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि घोषित की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर 30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

पर्यटन विस्तार के लिए मील का पत्थर
कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग एवं फ्लाई हिमालयाज एडवेंचर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने प्रतियोगिता को क्षेत्रीय विकास और पर्यटन विस्तार के लिए मील का पत्थर बताया।

विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा कपकोट-बागेश्वर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। वहीं जिलाधिकारी आकांक्षा कोडे ने भविष्य में प्रतियोगिता को और व्यापक स्वरूप देने की बात कही।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, सीडीओ आरसी तिवारी, जिला पंचायत सदस्य नवीन परिहार व गिरीश परिहार, भाजपा महामंत्री संजय परिहार, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, कपकोट एसडीएम अनिल चन्याल, ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, पर्यटन अधिकारी पीके गौतम सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments