औली (चमोली)। नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल के बाद औली की बर्फीली ढलानों पर फैले प्लास्टिक कचरे को हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड और नगर पालिका ज्योतिर्मठ की संयुक्त पहल से अब तक 13 क्विंटल प्लास्टिक कचरा एकत्र कर डंपिंग जोन तक पहुंचाया जा चुका है।
औली में 13 से 16 फरवरी तक आयोजित नेशनल विंटर गेम्स और कार्निवल में 15 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे थे। इस दौरान नंदा देवी स्लोप से लेकर 10 नंबर टावर और पुराने स्लोप तक भारी आवाजाही रही। कार्यक्रम के बाद क्षेत्र में जगह-जगह प्लास्टिक कचरा बिखरा मिला, जिससे इस विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल की सुंदरता प्रभावित हो रही थी।
स्थिति को देखते हुए विंटर गेम्स एसोसिएशन ने सफाई मुहिम शुरू की। एसोसिएशन के सह सचिव अजय भट्ट ने बताया कि प्लास्टिक कचरा एकत्र करने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें ज्योतिर्मठ नगर पालिका परिषद भी सहयोग कर रही है। अब तक एकत्रित 13 क्विंटल कचरे को पालिका के एमआरएफ सेंटर भेजा जा चुका है।
पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने बताया कि पूरे औली क्षेत्र में अभियान चलाकर प्लास्टिक कचरे को सुरक्षित तरीके से एकत्र कर ज्योतिर्मठ लाया जा रहा है। उन्होंने पर्यटकों से भी अपील की कि वे पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

