गोपेश्वर। नंदा देवी सिद्धपीठ कुरूड़ में बड़ी नंदा जात के आयोजन को लेकर पंचांग गणना के अनुसार मुहूर्त निकाल लिया गया है। गौड़ ब्राह्मणों ने हकहकूकधारियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बड़ी नंदा जात के आयोजन की तिथि घोषित की। इसके अनुसार 5 सितंबर को बड़ी नंदा जात का आयोजन किया जाएगा।
गौरतलब है कि नंदा देवी राज जात को लेकर इन दिनों सिद्धपीठ कुरूड़ और नौटी के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। श्री नंदा देवी राज जात समिति की ओर से पहले ही अधिमास के चलते वर्ष 2027 में नंदा देवी राज जात आयोजित किए जाने की घोषणा की जा चुकी है। हालांकि हकहकूकधारियों ने इस निर्णय को परंपरा के खिलाफ बताते हुए इसी वर्ष के मुहूर्त पर बड़ी नंदा जात के आयोजन का ऐलान किया है।
कुरूड़ स्थित नंदा देवी मंदिर में इस वर्ष आयोजित होने वाली बड़ी नंदा जात को लेकर बसंत पंचमी के अवसर पर मुहूर्त निकालने की पूर्व घोषणा की गई थी। इसी क्रम में मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कुरूड़ मंदिर समिति की ओर से धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ पारंपरिक भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया गया, जिससे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।

