ज्योतिर्मठ। नगर क्षेत्र में नगर पालिका के एक निर्माणाधीन भवन में नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
नगर पालिका के मीट बाजार क्षेत्र में बच्चों के लिए टेबल टेनिस भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी भवन में कुछ लोगों द्वारा नमाज पढ़ने का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता की और किसी भी तरह का माहौल खराब न करने की हिदायत दी।
एसडीएम ने पुलिस को भी क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने बताया कि भवन निर्माणाधीन है और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने दस दिन के रोजों के दौरान नमाज पढ़ने के लिए मौखिक अनुमति ली थी। विवाद की स्थिति को देखते हुए अब संबंधित कक्ष पर ताला लगा दिया गया है और समुदाय के लोगों से अपनी वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है।
इधर, इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने भी प्रशासन से मुलाकात की। गोपेश्वर में बजरंग दल और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने सार्वजनिक और सरकारी भवनों में धार्मिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। प्रशासन ने सभी पक्षों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

