चमोली– मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट (गैरसैंण ब्लॉक) में ग्राम प्रधान पद पर 21 वर्षीय प्रियंका नेगी ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को 186 मतों से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। प्रियंका नेगी को कुल 421 और प्रियंका देवी को 235 वोट प्राप्त हुए।
प्रियंका नेगी की इस जीत पर स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें फोन कर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने प्रियंका को देहरादून आमंत्रित करते हुए कहा कि वे गांव के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने सारकोट के ग्रामीणों को एक स्वस्थ और जागरूक चुनाव के लिए भी बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गैरसैंण के सारकोट गांव को राज्य के मॉडल गांव के रूप में चुना गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के उच्च अधिकारी जल्द ही गांव का निरीक्षण करें। प्रियंका को गांव में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रियंका नेगी ने हाल ही में गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीतिशास्त्र में स्नातक किया है, जिसका परिणाम तीन दिन पूर्व ही आया है। गौरतलब है कि 2014 से 2019 तक प्रियंका के पिता राजे सिंह नेगी भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं। उन्होंने बेटी की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अपने अनुभव से उसकी हरसंभव मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सारकोट में पलायन न होने के कारण इसे आदर्श गांव घोषित किया गया था, और अब यहां कई विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रियंका नेगी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता गांव की महिलाओं को जागरूक करना और युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहेगा।
300 से अधिक परिवारों वाले इस गांव की जिम्मेदारी अब एक युवा और शिक्षित नेतृत्व के हाथ में है। गांववासी भी नवनिर्वाचित प्रधान से नई ऊर्जा और विकास की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

