उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली को आगामी वर्ष 2026 नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी गई है। यह निर्णय इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की कमेटी तथा स्की एंड स्नोबोर्ड इंडिया ने राज्य सरकार के सहयोग से लिया है। इस आयोजन को लेकर उत्तराखंड के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने का उल्लेख होने के बाद तैयारियों में और तेजी आयी है।
जानकारी के अनुसार जनवरी–फरवरी 2026 के बीच औली की बर्फीली ढलानों पर देशभर के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ी यहाँ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकेंगे।
विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव अजय भट्टर ने बताया कि राज्य की भौगोलिक और जलवायु परिस्थितियाँ इस आयोजन के लिए बेहद अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि औली की ढलानें पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं की मेजबानी कर चुकी हैं, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अनुभव मिलेगा।
हालाँकि प्रतियोगिताओं की सटीक तिथि अभी तय नहीं की गई है। विभाग के अनुसार बर्फबारी की स्थिति के आधार पर ही अंतिम कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने भी राज्य सरकार को आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर रिपोर्ट भेजी है।
स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के अध्यक्ष शिवा केसवन ने कहा कि यदि राज्य सरकार समय से तैयारी पूरी कर लेती है, तो भविष्य में औली में और भी बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन संभव हैं। उन्होंने बताया कि औली में स्की माउंटेनियरिंग और नेशनल स्तर की अन्य प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी योजना है।
औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन राज्य के विंटर टूरिज्म और एडवेंचर स्पोर्ट्स को नई ऊँचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

