चमोली। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में आज से राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप का रोमांच शुरू होने जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देशभर से कुल 17 टीमें औली पहुंच चुकी हैं। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्कीइंग स्लोप को प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार कर दिया गया है।
राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों में विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के साथ भारतीय सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमें भी हिस्सा लेंगी। बृहस्पतिवार को सभी टीमों ने औपचारिक पंजीकरण कराया और इसके बाद खिलाड़ियों ने स्लोप पर अभ्यास भी किया।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अभ्यास हेतु अलग स्लोप तैयार किया गया है। औली में पर्याप्त बर्फ जमी होने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप से औली में खेलों के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

