चमोली जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पर्यटन विभाग पहाड़ी शैली का हाट बाजार विकसित करने की योजना बना रहा है। हर साल लाखों पर्यटकों की आमद वाले इस क्षेत्र में फिलहाल ऐसा कोई बाजार नहीं है, जहां पर्यटक अपनी जरूरत की सामग्री आसानी से खरीद सकें।
वर्तमान में औली में होटल और खाने-पीने की दुकानें तो मौजूद हैं, लेकिन दवा या अन्य जरूरी सामान के लिए पर्यटकों को करीब 13 किलोमीटर दूर ज्योतिर्मठ जाना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए विभाग ने यहां पर सुव्यवस्थित बाजार बनाने की योजना तैयार की है।
प्रस्तावित हाट बाजार में खाने-पीने की दुकानों के साथ मेडिकल स्टोर, स्थानीय उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी होंगी। इससे न केवल पर्यटकों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकेंगी, बल्कि वे स्थानीय व्यंजन और उत्पादों का भी आनंद ले सकेंगे।
इस योजना से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। विभाग द्वारा दुकानों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन विभाग के अनुसार, औली में जीएमवीएन गेस्ट हाउस के पास इस बाजार को विकसित करने की योजना है। जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि इसका प्रारूप तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद डीपीआर तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

