औली (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली में आगामी 12 फरवरी से 16 फरवरी तक विंटर कार्निवल एवं नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर शासन और प्रशासन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंगलवार को पर्यटन विभाग के अधिकारियों और विंटर गेम संगठन के बीच आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में खेलों की तिथियों पर अंतिम मुहर लगाई गई। इसके पश्चात चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी दी कि बुधवार को गोपेश्वर में एक और समीक्षा बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं का अंतिम जायजा लिया जाएगा।
उत्तराखंड स्की टीम के कोच विकेश डिमरी और विंटर गेम संगठन के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। देश भर के सभी प्रतिभागी संगठनों को निमंत्रण भेजे जा चुके हैं।
इस राष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, पंजाब, ओडिशा, लद्दाख, उत्तर प्रदेश सहित आईटीबीपी, सीआरपीएफ, थल सेना, आर्मी-रेड और मेजबान उत्तराखंड की टीमें हिस्सा लेंगी और अपने स्कीइंग कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
यह आयोजन न केवल शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि औली के पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

