गैरसैंण/भराड़ीसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के भराड़ीसैंण में सोमवार से बजट सत्र की शुरुआत हो गई। सत्र के पहले ही दिन सदन के भीतर और बाहर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने हंगामा करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होते ही कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए और शोर-शराबे के बीच सदन से बाहर चले गए। विपक्ष के हंगामे के बीच ही राज्यपाल का संबोधन जारी रहा।
विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधान भवन परिसर में प्रदर्शन किया। बजट सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक और कार्यकर्ता परिसर में धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
उधर, सत्र के पहले दिन सदन के बाहर सड़क पर भी प्रदर्शन हुआ। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता दिवालीखाल पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका होगा जब राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही सदन में बजट पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्त मंत्री के रूप में सदन में अपनी सरकार का बजट पेश करेंगे।
पांच दिवसीय बजट सत्र के लिए भराड़ीसैंण विधानसभा में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण के साथ सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई, जिसके बाद सदन की अन्य कार्यवाही आगे बढ़ाई जाएगी।

