Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डचमोली: सीएम धामी बोले, आगामी चुनाव में पार्टी का हर कार्यकर्त्ता अपने...

चमोली: सीएम धामी बोले, आगामी चुनाव में पार्टी का हर कार्यकर्त्ता अपने आप में ब्रांड एंबेसडर

चमोली। गोपेश्वर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने हमेशा युवाओं की पैरोकारी की है। आगामी चुनावों के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा का हर कार्यकर्त्ता अपने आप में ब्रांड एंबेसडर है। सीएम ने उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा, उनके 100 दिनों के कार्यकाल में प्रदेश हित में 300 से ज्यादा फैसले लिए गए हैं और इन सभी फैसलों को धरातल पर उतारा जा रहा है। वित्त विभाग की सहमति लेने के बाद ही सरकार घोषणा कर रही है और प्रत्येक घोषणा का शासनादेश भी जारी किया जा रहा है।

गोपेश्वर के पीजी कालेज आडिटोरियम सभागार में भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसे संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह वर्ष 1991 से बतौर भाजपा कार्यकर्त्ता कार्य कर रहे हैं। कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो बिना बताए किसी भी कार्यकर्त्ता को दायित्व सौंप देती है। इसका उदाहरण वह स्वयं हैं।

भाजयुमो कार्यकर्त्ताओं का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की प्राथमिक पाठशाला है। इस पाठशाला में सीखना है और मेहनत कर आगे बढ़ना है। युवा कार्यकर्त्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि युवा पैरों में गति होती है। युवाओं का सीना धड़कता है। युवा रेत से तेल निकालना जानते हैं। युवा व्यवस्था परिवर्तन कर सकते हैं। कहा कि मनुष्य जीवन में जवानी एक बार ही मिलती है। जवानी का सदुपयोग काम करने और सीखने में करना चाहिए। कहा कि युवा उत्तराखंड बनाने की जिम्मेदारी युवाओं की है।

 

सीएम ने कहा, अब चुनावों को सिर्फ चार माह बचे हैं। युवा कार्यकर्त्ता इन चार महीनों में बैरागी बनकर पार्टी के लिए कार्य करें। कहा कि भाजपा ने उन्हें उत्तराखंड में मुख्य सेवक की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह बखूबी निभा रहे हैं। कहा कि युवा स्वस्थ रहेगा तो पूरा उत्तराखंड और फिर भारत वर्ष स्वस्थ रहेगा। लिहाजा सरकार प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक जिम खोलने जा रही है। तत्काल इसका शासनादेश जारी किया जाएगा। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश के सभी सरकारी विभागों के सभी रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कहा कि कोविड के कारण एक वर्ष से परीक्षाएं न होने के कारण कई बेरोजगार आवेदकों की आयु सीमा पार हो चुकी है। सरकार ने समूह ख, ग में ऐसे बेरोजगारों की आयु सीमा में बढ़ोत्तरी की है। कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में 207 जांचें निश्शुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। प्रधानों के मानदेय को बढ़ाकर साढे तीन हजार किया गया है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के रोडमैप के अनुसार युवा कार्यकर्त्ताओं को कार्य करना होगा।

उनका कहना है कि भाजपा का लक्ष्य इस बार 60 पार का है। कहा कि शक्ति केंद्र, पन्ना प्रमुख, जिला कार्यसमिति के अलावा संपूर्ण स्तर पर पार्टी के रोडमैप के अनुसार कार्य किया जा रहा है। कहा कि 2022 के चुनावों में सूबे में भाजपा 2017 से बड़ी विजय प्राप्त करेगी। कहा कि भाजपा सर्वे के आधार पर नहीं, बल्कि संगठन के आधार पर चलती है। कहा कि सत्ता में आने के लिए मजबूत संगठन चाहिए और वह भाजपा के पास ही है

सीएम ने कहा, जब से भाजपा की सरकार राज्य और देश में बनी है तब से युवा रोजगार नहीं मांग रहे हैं, बल्कि कई अन्य को रोजगार दे रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, राष्ट्रीय महामंत्री वैभव, प्रदेश महामंत्री रंजन बरगकली, हरजीत सिंह, रोहन सहगल, विधायक महेंद्र भट्ट, मुन्नी देवी, जिलाध्यक्ष रघुवीर बिष्ट आदि मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments