चमोली। चमोली जिले के ज्योर्तिमठ (जोशीमठ) में औली रोड के समीप स्थित सेना के एक कैंप में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सेना के जवानों के साथ फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि आग सेना के स्टोर में लगी, जहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। इसके साथ ही आसपास खेतों में पड़ी सूखी घास और तेज हवा ने आग को और भड़का दिया, जिससे वह तेजी से बड़े क्षेत्र में फैल गई।
सेना के जवान और दमकल विभाग की टीमें संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। लगातार प्रयासों के बाद अब धीरे-धीरे आग को नियंत्रित किया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन और सेना की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आसपास के क्षेत्र में एहतियात बरती जा रही है।

