ज्योतिर्मठ। फूलों की घाटी रेंज के जंगलों में लगी आग को बुझाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। आग पर नियंत्रण के लिए भारतीय वायु सेना का एक हेलिकॉप्टर सहायता में लगाया गया है, जो वर्तमान में ज्योतिर्मठ में तैनात है। यह हेलिकॉप्टर पिछले दो–तीन दिनों से भारतीय सेना के साथ समन्वय में काम कर रहा है।
प्रशासन की ओर से आग से प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है। हालांकि, अब तक हेलिकॉप्टर के जरिए बाम्बी बकेट से पानी नहीं डाला गया है। हालात और रणनीति को लेकर संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय जारी है।
वन क्षेत्राधिकारी चेतना कंडपाल ने इस संबंध में वायु सेना के विंग कमांडर दीपक रहेजा से बातचीत की। वहीं, नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक आकाश वर्मा ने भी दूरभाष पर विंग कमांडर से संपर्क कर स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान निदेशक ने केंद्रीय कमान से आग्रह किया कि बाम्बी बकेट से जुड़े पुराने फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) से हटाए जाएं, ताकि किसी तरह की गलतफहमी न फैले।
प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर हवाई माध्यम से आग बुझाने की कार्रवाई तेज की जाएगी।

