ज्योतिर्मठ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से ज्योतिर्मठ विकासखंड के परसारी क्षेत्र में प्रस्तावित सैटेलाइट सेंटर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ब्लॉक सभागार में क्षेत्र के किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सैटेलाइट सेंटर की स्थापना से क्षेत्रीय किसानों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
ब्लॉक सभागार में मौजूद किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सैटेलाइट सेंटर के माध्यम से किसानों को कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और संसाधनों का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास के लिए इस परियोजना को मील का पत्थर बताया।

