गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सरकार ने सदन में 11 महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए। इन विधेयकों को विभिन्न विभागों से जुड़े नियमों और व्यवस्थाओं में संशोधन के उद्देश्य से सदन के पटल पर रखा गया।
सरकार की ओर से पेश किए गए विधेयकों में उत्तराखंड कारागार और सुधारात्मक सेवाएं (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड जन विश्वास उपबंधों पर (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड दुकान और स्थापन (रोजगार विनियमन और सेवा शर्त) संशोधन विधेयक और उत्तराखंड माल और सेवाकर (संशोधन) विधेयक शामिल हैं।
इसके अलावा उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश लोक सेवा (शारीरिक रूप से विकलांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण) (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड भाषा संस्थान (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड देवभूमि परिवार विधेयक तथा उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग (संशोधन) विधेयक भी सदन में पेश किए गए।
सरकार ने इसके साथ ही समान नागरिक संहिता उत्तराखंड (संशोधन) विधेयक, उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक और उत्तराखंड सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक को भी सदन के पटल पर रखा। इन विधेयकों पर आगामी दिनों में सदन में चर्चा होने की संभावना है।

