Sunday, March 8, 2026
Homeखास खबरबदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में बंद, स्लाइड के ऊपर पड़ी दरार का आधा...

बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में बंद, स्लाइड के ऊपर पड़ी दरार का आधा हिस्सा टूट


चमोली। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में भारी बोल्डर और मलबा आने से बंद पड़ा है। पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। श्रदालुओं को गोविंद घाट व पांडुकेश्वर में रोका गया है। यहां स्लाइड के ऊपर पड़ी दरार का आधा हिस्सा टूट गया। एनएच के अधिकारियों ने बताया है कि इस वजह से हाईवे को खुलने में समय लग सकता है। केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा सुचारू है।

बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में पांचवें दिन सोमवार को ढाई घंटे ही वाहनों की आवाजाही हो पाई। चट्टान से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से शाम चार बजे हाईवे दोबारा अवरुद्ध हो गया है। लामबगड़ में लगातार मौसम खराब होने से हाईवे को खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। हाईवे खुलने के बाद बदरीनाथ में फंसे 50 यात्रा वाहनों को उनके गंतव्य को भेज दिया गया है, जबकि बदरीनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे करीब 750 तीर्थयात्रियों को पुलिस प्रशासन की ओर से पांडुकेश्वर में ही रोक लिया गया है।

आज हाईवे सुचारु होने के बाद तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम जाने दिया जाएगा। सोमवार को सुबह नौ बजे एनएच की ओर से लामबगड़ में हाईवे को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया था, लेकिन चट्टान से मलबा और बोल्डर आने से सुबह साढ़े नौ बजे वाहनों की आवाजाही रोक ली गई। एनएच की जेसीबी मशीनों से मलबा और बोल्डर हटाने का काम शुरू किया गया।

दोपहर दो बजे हाईवे को सुचारु किया गया, लेकिन शाम चार बजे फिर हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। रुक-रुककर चट्टान से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण हाईवे सुचारु नहीं किया जा सका। गोविंदघाट थाना प्रभारी बृजमोहन राणा ने बताया कि लामबगड़ में चट्टान से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे वहां यात्रा वाहनों की आवाजाही कराना खतरे का सबब बना हुआ है। आज मौसम सामान्य होने के बाद हाईवे को सुचारु कर दिया जाएगा।

आज प्रदेशभर में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आज प्रदेशभर में बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल देहरादून में बादल छाए हैं। रुद्रप्रयाग से केदारनाथ तक सुबह से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। चमोली में भी देर रात से बारिश जारी है।

प्रदेशभर में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहे। पहाड़ों में कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई। राजधानी में दिनभर तेज धूप खिली, शाम को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। राजधानी में धूप के चलते दिन का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को प्रदेशभर में बादल छाए रहेंगे। उन्होंने बताया कि अनेक स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। राजधानी में भी बारिश की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments