गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में मंगलवार को विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन से लेकर सड़क तक राजनीतिक हलचल देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन के पटल पर 7,400 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। वहीं, विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया।
सदन में पेश हुआ 7,400 करोड़ का अनुपूरक बजट
दो दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की ओर से 7,400 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में प्रस्तुत किया। इस बजट के माध्यम से सरकार चालू वित्तीय वर्ष की अतिरिक्त व्यय आवश्यकताओं के लिए प्रावधान करेगी। बजट से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सदन में आगे चर्चा होगी।
दिवंगत नेताओं को दी गई श्रद्धांजलि
सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी रहा। विधायक अरविंद पांडेय, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, बंशीधर भगत और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दोनों नेताओं को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद कांग्रेस विधायक ममता राकेश और विधायक बिशन सिंह चुफाल ने भी सदन में श्रद्धांजलि दी। विधायक दिलीप रावत ने भी सदन में अपनी बात रखी।
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी
विधानसभा सत्र के दौरान भराड़ीसैंण में विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया।
वहीं, दिवालीखाल और जंगलचट्टी क्षेत्र में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शन करते रहे। इससे पहले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस की ओर से वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया था।
विधानसभा सत्र के पहले दिन सदन में बजट पेश किए जाने और बाहर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के चलते प्रदेश की राजनीति में हलचल बनी रही।

.jpeg)
.jpeg)

