चमोली: विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट कल 23 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने से पहले सुबह 4:30 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
आज केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बदरीनाथ धाम पहुंच गए हैं। वह कपाटोद्घाटन के दौरान विशेष पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। इस अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि परंपराओं के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कपाट खुलने की प्रक्रिया विधि-विधान के साथ संपन्न होगी।
कपाटोद्घाटन से पहले पांडुकेश्वर से भगवान उद्धव, कुबेर और शंकराचार्य की गद्दी बदरीनाथ धाम पहुंच चुकी है। इस दौरान पूरा धाम “जय बदरी विशाल” के जयकारों से गूंज उठा।
वहीं, बदरी-केदार पुष्प सेवा समिति ऋषिकेश के सहयोग से मंदिर को करीब 25 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। इस अवसर पर रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी आचार्य रविंद्र भट्ट, नायब रावल सूर्य राग नंबूदरी और कुबेर देवरा समिति के पदाधिकारी सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।

