गैरसैंण (भराड़ीसैंण): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने आज गैरसैंण में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने आमजन से आह्वान किया कि हर नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा, “यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के लिए अहम है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखेगा।”
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उद्देश्य मातृशक्ति को सम्मान देते हुए प्रदेश में हरियाली को बढ़ावा देना है। इस पहल को जनसहभागिता से जनांदोलन बनाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर राज्य के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ तथा प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) समीर सिन्हा ने भी सहभागिता करते हुए पौधे रोपे।

