गैरसैंण (भराड़ीसैंण): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने भेंट की। उन्होंने सारकोट में विगत वर्षों में हुए विभिन्न विकास कार्यों तथा भराड़ीसैंण से सारकोट हेतु सड़क की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष कई महत्त्वपूर्ण सुझाव और माँगें भी रखीं। इनमें गांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग, आंतरिक सड़कों की सुधार व्यवस्था, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर सशक्त बनाने, गांव के रास्तों में सोलर लाइट लगाने, और गैरसैंण स्थित निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाल एवं महिला रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति की मांग प्रमुख रहीं।
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर इस प्रकार की सजगता और जागरूकता प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा प्रस्तुत सभी समस्याओं और आवश्यकताओं का उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सारकोट आने वाले समय में प्रदेश के अन्य गांवों के लिए आदर्श बनेगा और राज्य सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

