चमोली। दशोली विकास खंड की ग्राम पंचायत सैकोट में महिला मंगल दल ने सार्वजनिक कार्यों में शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पंचायत घर के आंगन में आयोजित बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
महिला मंगल दल अध्यक्ष सतेश्वरी देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिलाओं ने गांव में बढ़ते शराब प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की। निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी सार्वजनिक आयोजन में शराब परोसने या सेवन करने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
महिलाओं ने स्पष्ट किया कि गांव में शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समय-समय पर शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का भी संकल्प लिया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिलाओं के इस निर्णय को ग्राम पंचायत के हित में बताया और इसे समाज सुधार की दिशा में मजबूत कदम कहा।
बैठक के बाद महिला मंगल दल की ओर से टेंटुणा, सैकोट से होते हुए आमखेत मालधार तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने नारे लगाकर गांव को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। गांव में महिलाओं की इस पहल को सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

