चमोली। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश और बचाव अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया। शव को जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेज दिया गया है।
एक और श्रमिक के शव मिलने के बाद अब टनल हादसे में एक श्रमिक की तलाश जारी है। उसे खोजने के लिए रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं। टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए टनल के भीतर जमा स्लज (कीचड़ और मलबे) को लगातार हटाया जा रहा है। इसके साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सक्शन पंप समेत अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से पानी और स्लज को हटाया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिक की तलाश की जा सके।
सभी संभावित स्थानों पर सर्च अभियान
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और रेस्क्यू कार्य को गति देने के लिए आवश्यक संसाधन और उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। टनल के अंदर सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू टीमें श्रमिक तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।

