चमोली। बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी प्रकरण की जांच अब और व्यापक होती जा रही है। पुलिस टीम ने मामले में आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों की भी जांच शुरू करने की तैयारी कर ली है। यदि जांच के दौरान आरोपियों के पास आय से अधिक संपत्ति मिलने के प्रमाण मिलते हैं तो इस संबंध में अलग से विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, चढ़ावे की गणना में लंबे समय से अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और चढ़ावा संबंधी अभिलेखों का विशेषज्ञों से परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि जांच लगातार जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावा गणना कक्ष को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है। कक्ष में शीशे की दीवार लगाई गई है तथा ऊपरी हिस्से में करीब दो फीट ऊंची मजबूत जाली लगाई गई है। पूरी गणना प्रक्रिया की निगरानी के लिए पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि रिकॉर्ड हो सके और किसी भी संदिग्ध हरकत पर तत्काल नजर रखी जा सके।
मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की पुलिस कस्टडी रिमांड पर शनिवार को न्यायालय में सुनवाई होनी है। पुलिस को रिमांड मिलने की स्थिति में पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
दूसरी ओर शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित जांच समिति भी मामले की अलग से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया जा रहा है और जिन कर्मचारियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। साथ ही पुलिस टीम संबंधित अभिलेखों और वित्तीय दस्तावेजों की भी गहन छानबीन कर रही है, ताकि मामले को मजबूत साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाया जा सके।

