नंदानगर (चमोली): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चमोली जिले के नंदानगर ब्लॉक स्थित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचे और फाली, कुंतरी सहित अन्य प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आपदा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
अब तक सात शव बरामद, दो लोग अब भी लापता
गुरुवार और शुक्रवार को फाली और कुंतरी क्षेत्र से मलबे में दबे पाँच और शव बरामद किए गए। अब तक कुल दस लापता लोगों में से सात के शव मिल चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति को जीवित बचा लिया गया है। धुर्मा गांव के दो लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
बरामद किए गए सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम द्वारा तलाशी अभियान लगातार जारी है।
अश्रुपूरित विदाई, एक साथ जले पति-पत्नी की चिताएं
शुक्रवार को आपदा में जान गंवाने वाले लोगों का अंतिम संस्कार नंदाकिनी और चुफला नदी के संगम पर नम आंखों के साथ किया गया। सुबह से एक के बाद एक जलती चिताओं ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।
गुरुवार को नरेंद्र सिंह और जगदंबा प्रसाद के शव बरामद हुए थे। सुबह सबसे पहले नरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। जगदंबा प्रसाद के परिजन न होने के कारण उनका शव सुरक्षित रखा गया था। जब शुक्रवार को उनकी पत्नी भागा देवी का भी शव बरामद हुआ और रिश्तेदार पहुंचे, तो दोनों पति-पत्नी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद अन्य मृतकों का भी पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

