गैरसैंण – उत्तराखंड विधानसभा के मानसून सत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज भराड़ीसैण पहुंचे। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत जिलाधिकारी संदीप तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने किया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
गैरसैंण में विधानसभा का यह मानसून सत्र 22 अगस्त तक चलेगा। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। हालांकि, मौसम विभाग द्वारा 22 अगस्त तक लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे सत्र के दौरान कई प्रकार की चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
विशेष रूप से सड़क मार्ग से आने-जाने में परेशानी बढ़ने की आशंका है। भारी बारिश के चलते रास्ते फिसलन भरे और जोखिमपूर्ण हो सकते हैं, जिससे सरकारी अमले और जनप्रतिनिधियों की यात्रा मुश्किल हो सकती है।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न आए और विधायी कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

