चंपावत– मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जिला पंचायत सभागार, चंपावत में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रबुद्ध नागरिकों एवं वरिष्ठजनों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को समाज का अनुभव, ज्ञान और मूल्यों का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही चंपावत को आदर्श जनपद और उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सिर्फ सिप्टी क्षेत्र में ही ₹100 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाएँ पूरी हो चुकी हैं, जबकि पूरे जनपद में इससे कहीं अधिक कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने जो 306 घोषणाएं की थीं, उनमें से 196 पूरी हो चुकी हैं और शेष पर तीव्र गति से कार्य जारी है।
उन्होंने कहा, “आदर्श चंपावत केवल एक जिला नहीं, बल्कि ‘आदर्श उत्तराखंड’ के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है।”
मुख्यमंत्री ने जिले में हो रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का ज़िक्र करते हुए बताया कि साइंस सेंटर का निर्माण पूर्ण हो चुका है । सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का नया परिसर शुरू हो चुका है। चंपावत को स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल किया गया है। पूर्णागिरि रोपवे परियोजना, शारदा कॉरिडोर और वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड योजना पर तेजी से कार्य चल रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और विकास कार्यों की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि 93% से अधिक मतों से चुने गए मुख्यमंत्री ने विश्वास को विकास में बदलकर दिखाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह समर्थन 100% तक पहुंचेगा।
वरिष्ठजनों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आयुर्वेदिक औषधि निर्माण के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की भी सराहना की। साथ ही उन्होंने पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अचला बोहरा, बराकोट ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रबुद्धजन और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

