Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनआपदा प्रभावित 48 परिवारों को मिली राहत, जिला प्रशासन ने वितरित की...

आपदा प्रभावित 48 परिवारों को मिली राहत, जिला प्रशासन ने वितरित की 17 लाख की आर्थिक सहायता

देहरादून। रायपुर ब्लॉक में बीते 15 सितंबर को हुई अतिवृष्टि और बादल फटने की घटना से प्रभावित परिवारों के लिए जिला प्रशासन ने राहत की दिशा में एक अहम पहल की है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रभावित 48 परिवारों को कुल 17 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।

यह सहायता जिला प्रशासन देहरादून के समन्वय से वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग से प्रदान की गई। कार्यक्रम में रायपुर ब्लॉक के कार्लीगढ़, धनौला, फूलेत, सरखेत और छमरौली ग्राम पंचायतों के चिन्हित बाढ़ प्रभावित परिवारों को ₹15,000 प्रति परिवार की दर से राहत राशि दी गई।

गौरतलब है कि 15 सितंबर की रात रायपुर ब्लॉक के कई ग्रामीण इलाकों में हुई भीषण आपदा में भारी तबाही मची थी। इस घटना में कई परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जबकि कुछ परिवारों ने अपने परिजनों को भी खो दिया था। ऐसे अत्यधिक प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से यह पहल की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि आपदा के तुरंत बाद एसडीआरएफ मानकों के तहत पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ की सराहना करते हुए कहा कि मानवीय संवेदनाओं के साथ जिला प्रशासन का सहयोग करना सराहनीय कार्य है। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा और संकल्प के अनुरूप भविष्य में भी विभिन्न संगठनों के माध्यम से आपदा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

वेस्ट वॉरियर्स संस्था के प्रतिनिधि नवीन कुमार सडाना ने बताया कि यह सहायता दानदाताओं और शुभचिंतकों के सहयोग से संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे, अन्य प्रभावित परिवारों तक भी चरणबद्ध रूप से सहायता पहुंचाई जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के जीएम नीरज शर्मा, जिला पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सदस्य एवं अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments