Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड के कई स्थानों में छाए रहेंगे बादल, यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नहीं...

उत्तराखंड के कई स्थानों में छाए रहेंगे बादल, यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नहीं थम रहा भूस्खलन

देहरादून। उत्तराखंड के कई स्थानों पर आज भी बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही आकाशीय बिजली भी चमकने का अनुमान है।

मौसम  विभाग के अनुसार, उधमसिंह नगर, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कुछ स्थानों पर इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उतरकाशी और चमोली जिलों में कुछ स्थानों पर बेहद हल्की बारिश हो सकती है। 

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर थम नहीं रहा भूस्खलन 
जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भिडियालीगाड़ के पास भूस्खलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को यहां फिर से बोल्डरों की बरसात होने से लोनिवि का आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त शेड पूरी तरह ध्वस्त हो गया। बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी रहने से यहां वैकल्पिक रास्ता बना रहे मजदूर भयभीत हैं। प्रशासन द्वारा रास्ता बनने तक यात्रा पर रोक के बावजूद कई तीर्थयात्री जोखिम उठाकर धाम पहुंच रहे हैं।

बीते शुक्रवार को भारी भूस्खलन होने से जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग का करीब 40 मीटर हिस्सा और पैदल पुलिया तबाह हो गई थी, जिससे यमुनोत्री धाम की यात्रा थमी हुई है। लोनिवि द्वारा वैकल्पिक रास्ता बनाया जा रहा है। सोमवार को भारी बोल्डरों की बरसात होने से पूर्व में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ लोनिवि का यात्री शेड पूरा टूट गया है। 

लोनिवि के जेई रविंद्र चैहान ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग भूस्खलन वाले हिस्से से कुछ हटकर बनाया जा रहा है, लेकिन भारी बोल्डर गिरने से खतरे की आशंका बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मजदूरों ने करीब 130 मीटर रास्ता तैयार कर लिया है।

अभी ढाई सौ मीटर लंबा रास्ता बनना शेष है। यमुनोत्री पैदल मार्ग अवरुद्ध होने के कारण प्रशासन ने वैकल्पिक रास्ता बनने तक यमुनोत्री धाम की यात्रा पर रोक लगाई है। इसके बावजूद कई तीर्थयात्री जोखिम उठाकर यमुनोत्री धाम तक पहुंच रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments