देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बिगड़ा रह सकता है।
मौसम केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का येलो अलर्ट लागू किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से जोखिम भरे क्षेत्रों की यात्रा से बचें। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने भी स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

