Saturday, March 7, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में सर्द हवाओं ने छुड़ाई कंपकंपी, दोहपर एक बजे बाद भी...

उत्तराखंड में सर्द हवाओं ने छुड़ाई कंपकंपी, दोहपर एक बजे बाद भी नहीं हुए सूरज के दर्शन

मुनस्यारी की चोटियों पर बर्फदेहरादून। सर्द हवाओं ने देहरादून में आज तड़के से कंपकंपी छुड़ाए रखी। बादल छाए रहे। ठंड इतनी ज्यादा थी कि लोग घरों में दुबके रहे। अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। दोहपर एक बजे तक भी सूरज के दर्शन नहीं हुए।
गढ़वाल का मौसम

वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, यमुनोत्री, श्रीनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, विकासनगर में बादल छाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है।
चमोली जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिले के 106 गांवों में अभी भी विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। जोशीमठ नगर में एक सप्ताह बाद विद्युत व्यवस्था सुचारू हुई है। विकासनगर में ठंड से पहाड़ से मैदान तक लोग बेहाल हैं। चकराता में बर्फबारी के बाद अब सड़कों पर पड़ा पाला दुश्वारियां बढ़ा रहा है। हरिद्वार और रुड़की में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। हल्का कोहरा होने से ठंड बढ़ी है। यहां दोपहर बाद तक धूप नहीं निकली, जिस कारण सर्दी का प्रभाव बना हुआ है।

कुमाऊं का मौसम

हल्द्वानी, नैनीताल, पंतनगर, रुद्रपुर, लोहाघाट, पिथौरागढ़ और काशीपुर में हल्के बादल छाए हैं। रामनगर में कोहरा छाया है। यहां पांच दिनों से सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं। वहीं भीमताल, चंपावत, चैखुटिया, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, गरुड़ और कौसानी में धूप खिली है।

पिछले दिनों हुई बर्फबारी से बंद पड़ा मुनस्यारी-थल मोटर मार्ग खोल दिया गया है। लेकिन सड़क से बर्फ ठीक तरीके से न हटने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। यहां आज एक ट्रक मुनस्यारी आते हुए बेतटुलीधार और बलांति बैंड के बीच फंस गया। जिसे निकालने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

आज भी मौसम में बहुत ज्यादा सुधार की उम्मीद नहीं
प्रदेशभर में कोल्ड डे कंडीशन रही। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शीतलहर के चलते ठिठुरन बहुत अधिक बढ़ गई है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव, अंगीठी और गर्म कपड़ों का सहारा लेते रहे लेकिन बहुत ज्यादा राहत नहीं मिली।

मौसम केंद्र के अनुसार आज भी मौसम में बहुत ज्यादा सुधार की उम्मीद नहीं है। दिन में तापमान करीब तीन डिग्री तक बढ़ने से ठंड थोड़ी कम हो सकती है लेकिन रात को इसमें बदलाव की उम्मीद लगभग नहीं है। आज भी कोल्ड डे कंडीशन रहने और शीतलहर का अनुमान है।

21-22 को फिर बारिश-बर्फबारी

प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में 21 और 22 दिसंबर को फिर बारिश व बर्फबारी हो सकती है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ क्षेत्र के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। राज्य के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले सभी क्षेत्रों में बारिश होने और बर्फ गिरने का अनुमान है।

गढ़वाल मंडल शीतलहर की चपेट में

गढ़वाल मंडल शीतलहर की चपेट में है। बुधवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। हरिद्वार और रुड़की में तापमान का खासी गिरावट आई है। हरिद्वार में अधिकतम तापमान 12 व न्यूनतम छह डिग्री और रुड़की में अधिकतम 12.5 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी शीतलहर जारी रहने की चेतावनी दी है।

पहाड़ में मौसम साफ बना रहा, लेकिन कड़ाके की ठंड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। केदारनाथ और बदरीनाथ में पूरे दिन चटख धूप खिली रही। दोनों धामों में न्यूनतम तापमान माइनस में बना हुआ है। केदारनाथ में तापमान माइनस 10 डिग्री और बदरीनाथ में माइनस 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

बुधवार को भी दिनभर छाए थे बादल
बुधवार को भी देहरादून में कुछ ऐसा ही मौसम रहा। दिन में भी लोग ठंड से परेशान रहे। मंगलवार की तुलना में दिन के तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी और आसपास के इलाकों में आज अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री का इजाफा हो सकता है, जिससे ठंड से मामूली राहत मिल सकती है।

बुधवार को सुबह से ही राजधानी क्षेत्र में बादल छाये रहे। इसके चलते सुबह सूरज भी काफी देर से निकला। सुबह से दोपहर तक सूरज निकला, लेकिन धूप में गर्मी बिल्कुल नहीं थी। दूसरी ओर पहाड़ियों से चल रही सर्द हवाओं के चलते ठंड बहुत अधिक बढ़ गई। इससे दून के अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री की कमी आई।

मंगलवार को जहां राजधानी का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, वहीं बुधवार को भारी गिरावट के बाद यह 14.7 डिग्री पर पहुंच गया। सात डिग्री की बड़ी कमी होने से दिन के समय ठंड में बहुत अधिक बढ़ोत्तरी हो गई। वहीं रात के तापमान में भी करीब एक डिग्री की कमी दर्ज की गई। ज्यादातर इलाकों में रात के समय पहले से ही जबरदस्त ठंड पड़ रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments