Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्‍तराखंड को आज मिलेगा 'सरदार', 10 दावेदारों में से हो सकता है...

उत्‍तराखंड को आज मिलेगा ‘सरदार’, 10 दावेदारों में से हो सकता है नाम

देहरादून। उत्तराखंड में हर पांच साल में सत्ताधारी दल बदलने का मिथक भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर तोड़ दिया, लेकिन मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पिछले 10 दिनों से ऊहापोह बना हुआ है।

इस अवधि में एक नहीं 10 नाम चर्चा में रहे, जिनमें चुनाव हार जाने के बावजूद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मजबूती से डटे रहे।

अब चर्चा में रहे नामों में किसके सिर ताज सजेगा या फिर भाजपा नेतृत्व किसी अन्य के सिर पर हाथ रखता है, इसे लेकर सोमवार को केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में तस्वीर साफ हो जाएगी। इस पर सभी की नजर टिकी हुई है।

चर्चा में रहे ये नाम

पुष्कर सिंह धामी

पिछली भाजपा सरकार में जुलाई में हुए दूसरे नेतृत्व परिवर्तन के बाद पुष्कर सिंह धामी को कमान सौंपी गई थी। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने धामी को चेहरा घोषित किया था। चुनाव में पार्टी ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया, लेकिन धामी खटीमा से चुनाव हार गए। यद्यपि, वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में मजबूती से डटे हैं।

डा.रमेश पोखरियाल निशंक

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री डा रमेश पोखरियाल निशंक का नाम भी चर्चा में रहा। यह माना गया कि हरिद्वार से सांसद डा निशंक के व्यक्तित्व एवं उनके लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें फिर से अवसर दे सकती है।

अजय भट्ट

केंद्रीय राज्यमंत्री एवं नैनीताल से सांसद अजय भट्ट को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताया गया। वर्ष 2017 में उनके प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया, लेकिन भट्ट स्वयं चुनाव हार गए।

अनिल बलूनी

उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी का नाम भी चर्चा में है। केंद्रीय नेतृत्व के करीबी माने जाने वाले बलूनी राज्य के विकास और यहां के सरोकारों को लेकर लगातार जुटे हैं। उनके प्रयासों से राज्य को कई उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

डा धन सिंह रावत

पिछली भाजपा सरकार में दो बार हुए नेतृत्व परिवर्तन के दौरान भी निवर्तमान मंत्री डा धन सिंह रावत मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल थे। इस बार भी वह इस दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।

ऋतु खंडूड़ी भूषण

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री एवं दोबारा विधायक चुनी गई ऋतु खंडूड़ी भूषण का नाम भी मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में है। उनकी दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से भेंट को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।

सतपाल महाराज

आध्यात्मिक गुरु एवं निवर्तमान मंत्री सतपाल महाराज के पार्टी के केंद्रीय नेताओं से अच्छे संपर्क हैं। वह पूर्व में केंद्र में राज्यमंत्री रह चुके हैं। पिछली बार भी वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे।

बंशीधर भगत

वर्तमान विधानसभा में सबसे वरिष्ठ विधायक एवं निवर्तमान मंत्री बंशीधर भगत का नाम भी मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में है। हाल में उनके दिल्ली दौरे को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।

सुबोध उनियाल

निवर्तमान मंत्री सुबोध उनियाल ने पिछले पांच वर्षों में भाजपा नेतृत्व के बीच अपनी पैठ बनाई है। साथ ही विभिन्न अवसरों पर उन्होंने अपनी श्रेष्ठता साबित कर सबका ध्यान खींचा है।

मदन कौशिक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अगुआई में पार्टी ने राज्य में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। उनकी भी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व में ठीक पैठ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments