देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा को तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी गई है। पहली किश्त के रूप में 4 लाख 12 हजार 500 रुपये की धनराशि का चेक पीड़ित परिवार को भेज दिया गया है।
यह आर्थिक सहायता अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम–1989 एवं नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम–1955 के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत देने के लिए यह प्रकरण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के माध्यम से जिला समाज कल्याण अधिकारी को भेजा गया था।
उपजिलाधिकारी विकासनगर और पुलिस उपाधीक्षक विकासनगर की संयुक्त जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जिलास्तरीय समिति की स्वीकृति की प्रक्रिया को तुरंत पूर्ण किया गया। इसके बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त का चेक एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा को प्रेषित किया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत कर एंजेल चकमा की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर प्रयास तेज किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस दुखद घटना से वे व्यक्तिगत रूप से आहत हैं और परिवार के दर्द को समझते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

