देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सोशल मीडिया पर वायरल एआई से बनाए गए कथित फर्जी वीडियो के विरोध में आज भाजपा मुख्यालय तक एकांकी मार्च करेंगे। हरीश रावत ने आरोप लगाया कि समाज में झूठ फैलाने के उद्देश्य से उनका एआई तकनीक के माध्यम से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर प्रचारित किया गया है, जो आपराधिक वैमनस्य और दुष्प्रचार का मामला है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के फर्जी और भ्रामक प्रचार लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा हैं। इसी के विरोध में 25 दिसंबर को भाजपा मुख्यालय तक शांतिपूर्ण एकांकी मार्च किया जाएगा।
हरीश रावत ने प्रदेश सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने बेरोजगार युवाओं से विभिन्न विभागों में भर्ती कराने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं किया गया। सरकारी नौकरी की आस लगाए युवाओं की उम्र निकलती जा रही है और वे लगातार ठगे जा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार एक माह के भीतर अपने वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो वे 30 जनवरी 2026 को देहरादून के गांधी पार्क में 24 घंटे का धरना देंगे।

