Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डएम्स ऋषिकेश में विश्राम सदन का हुआ शिलान्‍यास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी...

एम्स ऋषिकेश में विश्राम सदन का हुआ शिलान्‍यास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की 50 लाख रुपये देने की घोषणा

ऋषिकेश : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में आने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से माधव सेवा विश्राम सदन का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका शिलान्यास योग गुरु बाबा रामदेव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संत विजय कौशल महाराज ने किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह एक ईश्वरीय कार्य है, इसमें हम भी पूरी सेवा देंगे। उत्तराखंड सरकार की ओर से उन्होंने न्यास को 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

एम्स के समीप वीरभद्र में विश्राम सेवा सदन का निर्माण 3.5 एकड़ भूमि पर करीब 55 करोड़ की लागत से दिसंबर 2023 तक पूर्ण हो जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एम्स ऋषिकेश में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब यहां विश्राम सदन बनने के बाद यह समस्या भी समाप्त हो जाएगी। यह पुनीत कार्य है, ईश्वरीय कार्य में मुझे भी सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने न्यास को 50 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि भाउराव देवरस सेवा न्यास की ओर से यह निर्माण कराया जा रहा है। मैं जब लखनऊ में पढ़ता था तो भाउराव मेरे हीरो होते थे।

उन्होंने अपना पूरा जीवन मां भारती को समर्पित कर दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश वैसे भी चारधाम यात्रा का प्रमुख केंद्र है। इसके महत्व को कम नहीं समझा जा सकता। हमारा यही प्रयास है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधा पूर्ण यात्रा सुविधा हम उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि दो वर्ष बाद यात्रा शुरू हुई। इस वर्ष काफी चुनौतियां सामने थी, शुरू से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे। लेकिन धामों की क्षमता से अधिक श्रद्धालु यहां आने के कारण शुरुआती दौर में परेशानी हुई।

सरकार की ओर से प्रत्येक यात्री का पंजीकरण अनिवार्य किया गया। अस्वस्थ और बुजुर्ग यात्रियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किया गया। तीन मई से अब तक यात्रा के सुखद परिणाम सामने आए हैं। यात्रा सुगमता के साथ चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 लाख श्रद्धालु अब तक यहां आ चुके हैं। सरकार केदारनाथ धाम के पुण्य के पुनर्निर्माण का काम तेजी के साथ कर रही है। द्वितीय चरण का कार्य पूरा होते ही तीसरे चरण का कार्य पूरा शुरू कर दिया जाएगा। बदरीनाथ धाम में भी काम तेजी से चल रहा है। चार धाम से जुड़ी सड़कों को बेहतर बनाया गया है। जिस कारण धामों तक पहुंचने की जो दूरी है उसमें समय भी कम लग रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश कर्णप्रयाग तक 132 किलोमीटर रेल लाइन का काम भी तेजी के साथ चल रहा है। वर्ष 2024 तक पहाड़ में रेल पहुंचाने का सपना पूरा हो जाएगा। योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि सेवा न्यास की ओर से विश्राम सदन के निर्माण का जो कार्य किया जा रहा है। इसमें पतंजलि परिवार भी पूर्ण सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के पुनीत कार्य में हर सक्षम व्यक्ति को उदारता के साथ दान करना चाहिए। मनुष्य की जो सेवा है वह भगवान की ही सबसे बड़ी सेवा है।

पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने न्यास को 20 लाख, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर संघ के पूर्व सरकार्यवाह सुरेश जोशी भैया जी, संत विजय कौशल, स्वामी यतींद्रानंद, संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत काबीना मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, महापौर अनीता ममगाई, न्यास के अध्यक्ष ओम प्रकाश गोयल, उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, सचिव राहुल सिंह, प्रकल्प प्रमुख संजय गर्ग आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments