देहरादून। राज्य में एलपीजी और ईंधन की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग ने व्यापक अभियान चलाया। विभाग की टीमों ने 280 स्थानों का निरीक्षण किया और 58 जगहों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान 74 गैस सिलिंडर जब्त किए गए, जबकि अनियमितताओं के मामले में चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इसके साथ ही एक कांटा (वजन माप उपकरण) और दो अवैध रिफिलिंग किट भी जब्त की गईं। विभाग की ओर से अनियमितताओं पर 4600 रुपये का अर्थदंड भी वसूला गया।
आयुक्त खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता रुचि मोहन रयाल ने बताया कि 10 से 12 मार्च के बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों में यह निरीक्षण अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गैस और ईंधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

